रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नर्मदापूजन

प्रदेश के वन, पर्यावरण विभाग और मंडला जिले के प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत का आज जिले में प्रथम आगमन हुआ। यहां उन्होंने सबसे पहले रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात वे रपटाघाट पहुंच कर नर्मदापूजन किया और फारेस्ट रेस्ट हाउस में वृक्षारोपण किया।
वृक्षारोपण कर प्रभारी मंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, पीएचई मंत्री संपतिया उइके और भीष्म द्विवेदी ने मंडला जिले की भौगोलिक, राजनीति परिस्थिति सहित जिले के कार्यकर्ताओं की अपेक्षा से परिचित कराया।
प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत ने अपने अभूतपूर्व स्वागत के लिए आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं की अपेक्षा अनुसार जिले के विकास के लिए कार्य करने की बात कही। साथ ही उन्होंने सभी के सुझाव अनुसार जिले के वन विभाग, अभ्यारण्य और इको टूरिज्म के माध्यम से पर्यटन आधारित रोजगार के साधन विकसित करने की बात कही।
प्रभारी मंत्री ने भाजपा कार्यालय में वृक्षारोपण किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







