
मण्डला। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय नारायणगंज में किसानों को समृद्ध और टिकाऊ खेती की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। उपसंचालक कृषि अश्विनी झरिया के नेतृत्व में नारायणगंज कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी परिसर में आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को रागी बीज की एक-एक किट वितरित की गई। प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों को प्राथमिकता देते हुए रागी बीज का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया, कृषि स्थाई समिति के सभापति धर्मसिंह वरकड़े एवं अन्य जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, जैविक खेती और पोषक अनाजों के महत्व पर जानकारी भी दी गई। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती प्रीति लोहवंशी ने किसानों को रागी जैसे पोषणयुक्त अनाजों की खेती के लाभ बताए और उन्हें इसकी वैज्ञानिक विधियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रागी के अनेक फायदे हैं जिनमें मुख्य रूप से हड्डियों को मजबूत करना, वजन कम करने में मदद करना और पाचन में सुधार करना शामिल है। इसके अतिरिक्त यह मधुमेह रोगियों के लिए भी फायदेमंद है और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है।







