पुलिस ने मुख्य आरोपी मंकू उर्फ मयंक भदौरिया को किया गिरफ्तार
ग्वालियर: बहुचर्चित अनिता गुप्ता हत्याकांड में लगातार चल रहे राजनीतिक दखल के बावजूद पुलिस अपनी अपराधों पर लगाम लगाने की मंशा में सफल होती नजर आ रही है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। ग्वालियर पुलिस ने आकाश जादौन के शॉर्ट एनकाउंटर के 6 दिन बाद दूसरा शॉर्ट एनकाउंटर कर अनीता गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी मंकू उर्फ मयंक भदौरिया को गिरफ्तार किया है।
मंकू पर था 20 हजार का इनाम
आरोपी मयंक भदौरिया पर एसपी धर्मवीर सिंह ने 20 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। मंकू ने अपने दो साथी आकाश और सोहम के साथ मिलकर 29 जुलाई को हत्या और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हुए मंकू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उसके ठीक होने के बाद हत्या की वजह को लेकर पूछताछ करेगी।
पुलिस की तत्परता
ग्वालियर पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या और लूट की वारदात में शामिल आरोपी मंकू उर्फ मयंक भदौरिया शंकरपुर से होता हुआ बाइक से जा रहा है। तत्परता दिखाते हुए क्राइम ब्रांच और माधौगंज थाना पुलिस की टीम ने शंकरपुर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की। आरोपी ने अवैध पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग की, जिसका जवाब देते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की और आरोपी को घायल कर धर दबोचा।
मंकू के खिलाफ अन्य आरोप
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मंकू भदौरिया उत्तर प्रदेश आगरा का रहने वाला है और वर्तमान में हजीरा कल्पी ब्रिज में रह रहा था। उसने कानपुर में डकैती की वारदात को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने 2 अगस्त को आरोपी मयंक के दूसरे मुख्य साथी आकाश जादौन को भी शॉर्ट एनकाउंटर कर गिरफ्तार किया था। तीसरे साथी सोहम को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी।
हत्या की वारदात
माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर में 29 जुलाई को 55 साल की अनीता गुप्ता अपने बेटे जय गुप्ता के साथ स्कूटर से वापस घर लौट रही थी। तभी बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर उन्हें रोककर बंदूक की नोक पर चेन लूटने की कोशिश की और गोली चलाकर अनीता गुप्ता की हत्या कर दी। उसी दिन महाराजपुरा क्षेत्र के डीडी नगर कुशवाह मार्केट के पास पैदल जा रही महिला प्राचार्य सरिता परिहार पर बंदूक तान कर चेन लूट कर फरार हो गए थे।
आगे की कार्यवाही
एसपी धर्मवीर सिंह ने तीनों बदमाशों पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से बदमाश की मोटरसाइकिल और अवैध पिस्टल को जब्त किया है। पुलिस अब अस्पताल में भर्ती मंकू उर्फ मयंक के डिस्चार्ज होने के बाद हत्या करने की सही वजह को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है अगर इस वारदात में अन्य आरोपी शामिल होना पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।







