जगन मोहन रेड्डी ने एनडीए को याद दिलाया कि उनकी पार्टी के पास भी 15 सांसद हैं। राज्य सभा में YSRCP के 11 सांसद हैं, जबकि लोकसभा में उनकी पार्टी के 4 सांसद हैं। दूसरी ओर, लोकसभा में टीडीपी के 16 सांसद हैं।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर टीडीपी की नई सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने चंद्रबाबू नायडू की सरकार पर राज्य में हिंसा फैलाने और उनकी पार्टी येसर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया। इस धरना प्रदर्शन को इंडिया गठबंधन का समर्थन भी मिला। कई विपक्षी दलों के नेता इस प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र सरकार पर हमला किया। इस दौरान जगन की पार्टी को इंडिया गठबंधन में शामिल करने की कोशिश भी नजर आई।
इंडिया गठबंधन के ये नेता पहुंचे जंतर मंतर
जगन मोहन के धरना प्रदर्शन में कई प्रमुख नेता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव ने इस प्रदर्शन में भाग लिया। इसके अलावा, शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत, प्रियंका चतुर्वेदी और अरविंद सावंत भी वहाँ मौजूद थे। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नजीबुल हक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विजय हांसदा, आम आदमी पार्टी (AAP) के राजेंद्र पाल गौतम और AIADMK के थंबी दुराई ने भी जगन मोहन का समर्थन किया। इस दौरान, तमिलनाडु की VCK पार्टी ने जगन मोहन से इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने की अपील की।
YSRCP के पास हैं 15 सांसद
जगन मोहन रेड्डी ने एनडीए को याद दिलाया कि उनके पास भी 15 सांसद हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सभा में YSRCP के 11 सांसद हैं और लोकसभा में 4 सांसद हैं। वहीं, लोकसभा में टीडीपी के सांसदों की संख्या 16 है। जगन ने कहा कि ऐसे में यह याद रखना चाहिए कि YSRCP और टीडीपी की ताकत बराबर है।







